LATEST NEWS
April 4, 2026

*डीएमएफ मद से 50 किसान कर रहे लैलूंगा में रागी की ऑर्गेनिक खेती, कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर लिया जायजा*

WhatsApp Image 2024-08-14 at 19.31.44_436f42bb
WhatsApp Image 2024-08-14 at 11.33.39_e7a6569b
WhatsApp Image 2024-08-14 at 11.33.38_f60ada22
WhatsApp Image 2024-08-14 at 19.23.07_23afb6cb
WhatsApp Image 2024-08-14 at 21.58.35_92380853
WhatsApp Image 2024-08-14 at 11.58.12_b9c15691
WhatsApp Image 2024-08-12 at 21.59.50_d7ddc622
Spread the love

*डीएमएफ मद से 50 किसान कर रहे लैलूंगा में रागी की ऑर्गेनिक खेती, कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर लिया जायजा*

*पहाड़ लुड़ेग को आदर्श ग्राम बनाने का आश्वासन, ग्रामीणों से मांगे विकास के सुझाव*

*खम्हार-पाकुट जलाशय के सौंदर्यीकरण का बनेगा ब्लूप्रिंट, अस्पताल में ब्लड बैंक और हमर लैब शुरू करने के निर्देश*

रायगढ़, 12 मार्च 2026/ जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी आज लैलूंगा विकासखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सलखिया स्थित गुरुकुल आश्रम में डीएमएफ मद से संचालित रागी की जैविक खेती का निरीक्षण किया और किसानों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक व जैविक तकनीकों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने केलो नदी के उद्गम स्थल ग्राम पहाड़ लुड़ेग का भ्रमण कर उसके संरक्षण और विकास की संभावनाओं पर ग्रामीणों से चर्चा की। कलेक्टर ने खम्हार-पाकुट जलाशय योजना का निरीक्षण करते हुए जलाशय के तटीय क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की योजना बनाने के निर्देश दिए, वहीं लैलूंगा के 50 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

*गुरुकुल आश्रम में कलेक्टर ने रागी की खेती का किया निरीक्षण*

दौरे के दौरान कलेक्टर ने सलखिया स्थित गुरुकुल आश्रम में डीएमएफ की सहायता से की जा रही रागी की खेती की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लैलूंगा विकासखंड के लगभग 50 किसान इस बार रागी की खेती पूरी तरह जैविक पद्धति से कर रहे हैं। किसानों को आधुनिक तकनीक के साथ वैज्ञानिक तरीके से खेती करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर को बताया गया कि छत्तीसगढ़ के रागी विशेषज्ञ श्री जैकब द्वारा किसानों को रागी उत्पादन की तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रागी एक पोषक और जलवायु के अनुकूल फसल है, जिसे बढ़ावा देने से किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले खरीफ सीजन में रागी की खेती को बड़े स्तर पर विस्तार देने की योजना बनाई जा रही है। टिकरा भूमि में जहां किसान धान की खेती करते हैं, वहां रागी जैसी वैकल्पिक और लाभकारी फसल को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया जाएगा।

*केलो नदी के उद्गम स्थल पहाड़ लुड़ेग पहुंचे कलेक्टर*

कलेक्टर ने केलो नदी के उद्गम स्थल ग्राम पहाड़ लुड़ेग का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर नदी के उद्गम स्थल से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने लैलूंगा से पहाड़ लुड़ेग तक सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केलो नदी का उद्गम स्थल जिले की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है और इसे सुरक्षित एवं संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने पहाड़ लुड़ेग ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए भी प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि इस स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए तो क्षेत्र के लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल सकते हैं। इसके लिए ग्रामीणों से उन्होंने गांव के विकास और उद्गम स्थल के संरक्षण से जुड़े सुझाव 15 दिनों के भीतर देने का आग्रह किया।

*खम्हार-पाकुट जलाशय का लिया जायजा*

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत जाम बहार स्थित खम्हार-पाकुट जलाशय योजना का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। जलाशय में आदिवासी मत्स्य समिति लैलूंगा द्वारा किए जा रहे मछली पालन कार्य की उन्होंने सराहना की और समिति को इस कार्य को और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जलाशय के तटीय क्षेत्र को आकर्षक बनाने के लिए किसी विशेषज्ञ आर्किटेक्ट से विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार कराने के निर्देश कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ को दिए, ताकि भविष्य में इसे पर्यटन और मनोरंजन के दृष्टिकोण से भी विकसित किया जा सके।

*मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी किया निरीक्षण*

कलेक्टर ने लैलूंगा स्थित 50 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल में ब्लड बैंक और हमर लैब को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अस्पताल में संचालित बेड की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, श्री रवि भगत सहित गणमान्य नागरिक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Website | + posts

Editor In Chief - k24news.co.in
Mo.7509127461

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.