पत्थलगांव में एसबीआई लाइफ के नाम पर आदिवासी महिला से लाखों की ठगी: शिकायत करने पर घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, दहशत में परिवार…

पत्थलगांव में एसबीआई लाइफ के नाम पर आदिवासी महिला से लाखों की ठगी: शिकायत करने पर घर में घुसकर जान से मारने की धमकी, दहशत में परिवार…
जशपुर। जिले के पत्थलगांव में बीमा पॉलिसी बंद कराने के नाम पर एक सीधे-सादे आदिवासी परिवार के साथ लाखों रुपये की हेराफेरी और फिर थाने में शिकायत करने पर घर में घुसकर जान से मारने की खुली धमकी देने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। पत्थलगांव स्थित एसबीआई लाइफ (SBI Life) शाखा के कर्मियों की इस कथित करतूत ने बैंकिंग और बीमा सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
पॉलिसी सरेंडर कराने गई थी पीड़िता, धोखे से उड़ा लिए लाखों रुपये – तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सूंडरू निवासी 49 वर्षीय आदिवासी महिला निर्मला मिंज ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में सनसनीखेज खुलासे किए हैं। पीड़िता के अनुसार, आर्थिक तंगी और पैसों की सख्त आवश्यकता के चलते वह 10 अगस्त 2026 को पत्थलगांव स्थित एसबीआई लाइफ शाखा में अपनी पूर्व पॉलिसी को बंद कराकर रकम निकालने पहुंची थीं। वहां उनकी मुलाकात खुद को शाखा प्रबंधक बताने वाले दयाराम यादव से हुई। दयाराम ने पॉलिसी क्लोज करने का झांसा देकर महिला से आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो हस्ताक्षरित चेक हासिल कर लिए।
पीड़िता का आरोप है कि 12 अगस्त को उनकी बिना सहमति और जानकारी के पहले चेक के जरिए 2,00,000 रुपये की भारी-भरकम राशि नरेंद्र बेहेरा के नाम ट्रांसफर कर ली गई। बाद में मोबाइल मैसेज से खुलासा हुआ कि उनके नाम पर लगभग 1,52,000 रुपये की एक नई अनचाही पॉलिसी थोप दी गई है। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध दर्ज कराया, तो नरेंद्र बेहेरा ने महज 50,000 रुपये वापस कर मामले को दबाने की कोशिश की और शेष रकम हजम कर ली।
धोखाधड़ी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। 27 सितंबर को जब पीड़िता ने अपने खाते से जरूरी काम के लिए 50,000 रुपये निकालने चाहे, तो खाते में पैसे न होने के कारण ट्रांजेक्शन रद्द हो गया। बैंक स्टेटमेंट खंगालने पर होश उड़ गए – पीड़िता के दूसरे चेक का दुरुपयोग कर 17 अगस्त को 1,03,180 रुपये ‘परेश्वर यादव’ नामक किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में पार कर दिए गए थे, जिससे पीड़िता पूरी तरह अनजान थी। पीड़िता जब न्याय की आस में 15 सितंबर को पॉलिसी रद्द कराने शाखा कार्यालय पहुंची, तो अधिकारियों ने आवेदन तक स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
थाने में शिकायत पहुंचते ही बौखलाहट : स्कार्पियो से पहुंचे दबंग, दी जान से मारने की धमकी – लगातार हो रहे मानसिक व आर्थिक शोषण से तंग आकर पीड़िता ने 30 सितंबर 2026 को पत्थलगांव थाने में दयाराम यादव और नरेंद्र बेहेरा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित तहरीर दी। शिकायत दर्ज होते ही आरोपियों में बौखलाहट फैल गई।
आरोप है कि अगले ही दिन, 1 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 8 बजे नरेंद्र बेहेरा अपने तीन अज्ञात गुर्गों के साथ स्कार्पियो वाहन में सवार होकर ग्राम सूंडरू स्थित पीड़िता के घर आ धमका। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज की और पीड़िता व उनके पति विजय मिंज को जान से खत्म करने की सीधी धमकी देकर फरार हो गए।
एसडीओपी के पास पहुंची पीड़िता, भारतीय न्याय संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग – गुंडों की इस दबंगई से सहमे पीड़ित परिवार ने 2 अक्टूबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), पत्थलगांव के समक्ष पेश होकर अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने स्पष्ट कहा है कि आरोपियों ने एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत उसके साथ धोखाधड़ी की है और अब जानलेवा हमला करने की फिराक में हैं। आवेदन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजने की मांग की गई है।
Editor In Chief - k24news.co.in
Mo.7509127461

